तीन लाख के साथ पकड़ाए, बचने के लिए खर्च करना पड़े 14 लाख
फैजाबाद के दो युवकों के पास नेपाल में नेपाली सशस्त्र पुलिस ने तीन लाख नगदी पकड़ी। ये युवक भैरहवा के कैसिनों में जाने की सोच कार में कैश रख घर से निकले थे। भारतीय सीमा पार कर जैसे ही वे नेपाल में घुसे, वहां की सशस्त्र पुलिस ने रोक लिया। जांच के दौरान तीन लाख रुपये नगदी मिलने के बाद नेपाल पुलिस दोनों को पकड़ लिया। दो दिन बैठाए रखा। फिर उनको खुद को छुड़ाने के लिए बरामद तीन लाख भारतीय रुपये को छोड़ अलग से 14 लाख नेपाल मुद्रा खर्च करना पड़ा। इसके बाद दोनों युवक को हिरासत से छोड़ा गया।
नेपाल में प्रतिबंधित है बड़े भारतीय नोट
नेपाल में भारत के दो सौ, पांच सौ व दो हजार रुपये का नोट प्रतिबंधित है। लेकिन सीमा पर इसका कोई बोर्ड नहीं लगा है। इससे अनजान फैजाबाद के रामनगर कालोनी निवासी राजकुमार बरयानी और सुनील कुमार रमानी अपने साथ तीन लाख भारतीय रुपया लेकर चले गए। सोनौली से कुछ दूर पर नेपाल सशत्र पुलिस ने उनके पास से तीन लाख भारतीय रुपये चेकिंग के दौरान बरामद किया। दोनों युवकों ने बताया कि उन्हें पता नही था कि भारतीय बड़े नोट नेपाल मे प्रतिबंध है। फिर भी नेपाल आर्म फोर्स ने उन को दो दिन बंदी बना कर रखा। जब दोनों युवकों ने अपने को छुड़ाने के लिए 14 लाख 10 हजार 328 नेपाली जमा किया, तब उनको छोड़ा गया। बरामद तीन लाख भी जब्त कर लिया गया।
इस तरह का बर्ताव पर्यटन के लिए ठीक नहीं : चंद्र प्रकाश श्रेष्ठ
नेपाल सरकार इस वर्ष विजिट 2020 नेपाल बड़े धूमधाम से मना रही है। इस वर्ष 15 लाख पर्यटकों को नेपाल में लाना चाहती है। वहीं दूसरी तरह नेपाल आने वाले पर्यटकों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है कि वह दोबारा नेपाल आने के पहले सोचेंगे। कभी पार्किंग के नाम पर तो कभी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई से पर्यटक परेशान हैं। पोखरा में भारतीय वाहनों के प्रवेश पर ही रोक लगा दिया गया था। भैरहवा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश श्रेष्ठ ने कहा इस तरह के बर्ताव से नेपाल के पर्यटन उद्योग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। सीमा पर कहीं कोई बोर्ड नहीं लगा है, जहां से पर्यटकों को यह पता चले की नेपाल में दो सौ, पांच सौ व दो हजार रुपये के भारतीय नोट प्रतिबंध है।